मेरिट के दम पर 15 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ की उड़ान
सरकारी स्कूल के कक्षा 8 के विद्यार्थियों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव, दिल्ली भ्रमण के बाद दिल्ली से जयपुर तक भरेंगे उड़ान
कोटा। स्मार्ट हलचल|सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नए अनुभव और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कोटा सिटी राउंड टेबल-358 ने ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ पहल शुरू की है। इसके तहत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रिझड़ी की कक्षा 8 के 15 मेधावी विद्यार्थियों को पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव कराया जाएगा। इनमें पांच छात्र और 10 छात्राएं शामिल हैं। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है।संस्था अध्यक्ष रोहित जैन ने बताया कि चयनित विद्यार्थी 11 सितंबर को जनशताब्दी ट्रेन से दिल्ली जाएंगे। वहां लाल किला, इंडिया गेट, कुतुब मीनार और अक्षरधाम मंदिर सहित प्रमुख ऐतिहासिक एवं शैक्षणिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद दिल्ली से जयपुर तक विद्यार्थियों को हवाई यात्रा कराई जाएगी। पहली बार विमान में बैठने और उड़ान भरने का अनुभव उनके लिए रोमांचकारी होने के साथ जीवनभर यादगार रहेगा।
रोहित जैन ने कहा कि ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ केवल हवाई यात्रा कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की कल्पनाओं को पंख देने और उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देने का प्रयास है। संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाशाली बच्चे ऐसे अनुभवों से वंचित रह जाते हैं। यह पहल उन्हें संदेश देती है कि प्रतिभा और मेहनत के बल पर अवसरों की कोई सीमा नहीं है।