नकब लगाकर घर से उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर और नकदी, पीड़िता ने एसपी व मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के बिछियावां गांव में 22 अगस्त की रात घर के पीछे की दीवार में नकब लगाकर हुई करीब दस लाख रुपये के जेवरात व नकदी की चोरी का 15 दिन बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर चोरी का जल्द खुलासा कराने की मांग की है।
पीड़िता मालती देवी के अनुसार, 22 अगस्त की रात अज्ञात बदमाश घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवरात के साथ बेटे के रखे करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़िता का कहना है कि चोरी गए आभूषणों में उसके खुद के जेवरात के अलावा उसकी बेटी के शादी के पूरे आभूषण भी शामिल थे।
मालती देवी ने बताया कि उसकी बेटी की शादी नौ मार्च को हुई थी। शादी के बाद बेटी और दामाद दिल्ली जाने लगे तो बेटी अपने जेवरात मायके में ही रख गई थी। इसी दौरान चोरों ने घर में रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने गांव से दो-तीन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए उठाया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। उसका यह भी आरोप है कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के बजाय उसे ही थाने बुला रही है। लगातार 15 दिन बीत जाने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं होने से पीड़िता और उसका परिवार परेशान है।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस की ओर से लगातार जांच की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक न तो चोरी का सामान बरामद हुआ और न ही घटना का खुलासा हो सका है। उसने पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द चोरों को पकड़ने और चोरी गए जेवरात बरामद कराने की मांग की है।