मतदान के बाद गहलोत कॉलोनी में दिखी भाईचारे की मिसाल, तीनों प्रत्याशियों का माला पहनाकर किया स्वागत

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|निकाय चुनाव में मतदान संपन्न होने के बाद गहलोत कॉलोनी में भाईचारे और सौहार्द का अनोखा माहौल देखने को मिला। कॉलोनीवासियों ने चुनाव मैदान में उतरे तीनों प्रमुख प्रत्याशियों का माला पहनाकर स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी बद्री सामरिया, कांग्रेस प्रत्याशी हनुमान सांखला एवं निर्दलीय प्रत्याशी नानकराम गहलोत का कॉलोनीवासियों ने गर्मजोशी से सम्मान किया।इस दौरान कॉलोनीवासियों ने कहा कि चुनाव में प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन जीत के बाद वार्ड के विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लोगों ने कहा कि जो भी प्रत्याशी चुनाव जीतकर आए, वह वार्ड की मूलभूत समस्याओं को दूर कराने के साथ विकास कार्यों को गति दे।कॉलोनीवासियों ने तीनों प्रत्याशियों से वार्ड में सड़क, नाली, सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने की अपेक्षा जताई। मतदान के बाद तीनों प्रत्याशियों का एक साथ माला पहनाकर स्वागत किए जाने से क्षेत्र में आपसी भाईचारे और लोकतांत्रिक सौहार्द का संदेश देखने को मिला।