फर्जी मतदान के आरोपों पर कई बूथों पर हंगामा, पुलिस ने संभाली कमान; सुविधाओं को लेकर भी उठे सवाल
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को हुए मतदान में मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। शाम 6 बजे तक ब्यावर नगर परिषद में 72.20 प्रतिशत, विजयनगर नगर पालिका में 81.35 प्रतिशत तथा मसूदा नगर पालिका में 84.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तीनों निकायों में सबसे अधिक मतदान मसूदा में हुआ।मतदान के दौरान ब्यावर के कई मतदान केंद्रों पर फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर हंगामे की स्थिति बनी। विवाद की सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। संवेदनशील बूथों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई तथा पुलिस ने 200 मीटर के दायरे में अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को हटाया।
वहीं मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर भी कुछ स्थानों पर मतदाताओं में नाराजगी देखने को मिली। कई बूथों पर दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायत सामने आई। कुछ मतदान केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था को लेकर भी मतदाताओं ने असंतोष जताया।
दिनभर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मतदान केंद्रों पर निगरानी करती रहीं। जहां भी विवाद या हंगामे की स्थिति बनी, वहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली। सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।