नारायणी जन्म से विवाह तक के प्रसंगों पर गूंजे भजन, दादीजी के मनमोहक श्रृंगार ने मोहा भक्तों का मन
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अजमेर रोड स्थित श्रीमंदिर दादी धाम में चल रहे भाद्रपद अमावस्या महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को मंगला आरती के साथ श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। प्रातः 5.15 बजे मंगला आरती के समय से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दादीजी के दरबार में पहुंचे और पूजा-अर्चना कर धोक लगाई।दादी परिवार न्यास के महामंत्री केदार गर्ग ने बताया कि भाद्रपद अमावस्या दादी भक्तों के लिए विशेष पूजा-अर्चना का पावन दिवस है। इस अवसर पर गंगा गर्ग एवं शशि गोयल ने संगीतमय मंगलपाठ की प्रस्तुति दी। गणेश वंदना से शुरू हुए मंगलपाठ में पितर स्तुति के साथ दादीजी, बालाजी एवं शिवजी की आराधना के भजन प्रस्तुत किए गए।
मंगलपाठ में नारायणी जन्म के प्रसंग पर बधाई बांटी गई। नारायणी के पाठशाला गमन पर पाठ्य सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। इसके बाद वर की तलाश, बान पूजन, विवाह एवं जयमाला सहित विभिन्न प्रसंगों पर भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
इस अवसर पर दादीजी का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रृंगार संयोजक सुशील गर्ग ने चांदी के सिंहासन पर विराजमान दादीजी को मकराकृति कुंडल, शीशफूल, माणक-मोती व हीरे जड़ित मुकुट, तुस्सीहार एवं राणी हार धारण करवाया। कलकत्ता जड़ाव की दोहरी पोशाक, रंग-बिरंगी चूड़ी-पाटले, माथे का टीका एवं बिंदी से सुसज्जित दादीजी का स्वरूप मनमोहक नजर आया।
महोत्सव को लेकर पूरे श्रीमंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, कलियों एवं विद्युत सजावट से सजाया गया। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने झूले और चकरी का आनंद भी लिया। दादी परिवार न्यास के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माणक डाणी, कोषाध्यक्ष गणेशप्रसाद बुधिया, रमेश सिंघल एवं बद्रीप्रसाद गर्ग ने अतिथियों का दादीजी का उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया।
इस दौरान रतन गर्ग, अवधेश गर्ग, राजेश, सुदेश, सुशीला गर्ग, मेघा, तन्मय, संजय अग्रवाल, वीणा अग्रवाल, प्रतीक, श्रेया, मोनू, ज्योति, प्राची, उषा जिंदल, पुष्पा जिंदल, सरोज, रेखा जिंदल, कमल जिंदल, आरती जिंदल, जमना डिडवानिया, राधेश्याम डाणी, शकुंतला डाणी, अंतिमा गर्ग सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।