(रमेशचंद्र डाड)
महिला ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की
आकोला। स्मार्ट हलचल|मांडलगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की श्यामगढ़ ग्राम पंचायत के राजस्व गांव खंगारजी का खेड़ा में सरकारी चारागाह भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास और हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। मामले को लेकर गांव की मंजूदेवी शर्मा पत्नी बालूलाल शर्मा ने मांडलगढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
61 बीघा से अधिक चारागाह भूमि का मामला
ज्ञापन में मंजूदेवी शर्मा ने आरोप लगाया कि पटवार हल्का फूलजीकीखेड़ी में स्थित सरकारी चारागाह भूमि आराजी संख्या 183, रकबा 61 बीघा 10 बिस्वा पर भगवत सिंह पुत्र श्याम सिंह राजपूत, निवासी खंगारजी का खेड़ा द्वारा कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चारागाह भूमि पर कब्जे की नीयत से वहां खड़े हरे-भरे खेजड़ी सहित अन्य पेड़ों की कटाई की गई। आरोप है कि चारागाह भूमि के कुछ हिस्से में खेती भी की जा रही है, जबकि शेष क्षेत्र से भी पेड़-पौधों की कटाई किए जाने की बात सामने आई है।
पहले भी कब्जे के प्रयास का आरोप
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि उक्त भूमि पर पूर्व में भी कथित रूप से कब्जा करने का प्रयास किया गया था, जिसे ग्रामीणों ने रोक दिया था। अब दोबारा ऐसी गतिविधियों की शिकायत सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण है चारागाह
शिकायतकर्ता का कहना है कि सरकारी चारागाह भूमि गांव के पशुओं के चरने के लिए आरक्षित है। यदि इस भूमि पर अवैध कब्जा या पेड़ों की कटाई जारी रही तो इसका सीधा असर पशुपालकों और ग्रामीणों पर पड़ेगा। चारागाह क्षेत्र में पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।
मंजूदेवी शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की मौके पर जांच करवाकर चारागाह भूमि की सीमाओं का सत्यापन कराया जाए, कथित अवैध कब्जा हटाया जाए तथा काटे गए पेड़ों की जांच कर नियमानुसार दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।