जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में हर्षवर्धन भारत का प्रतिनिधित्व करेगा
- उदयपुर। झीलों की नगरी के लिए गौरव का नया अध्याय जुड़ा है। उदयपुर के प्रतिभाशाली कयाकिंग-कैनॉयंग खिलाड़ी हर्षवर्धन सिंह शक्तावत का कैनो स्प्रिंट वर्ग में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर को जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। वर्तमान में वे जापान के कोमात्शु में 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी उपलब्धि से उदयपुर के खेल जगत में उत्साह है और अब शहर को उनसे अंतरराष्ट्रीय पदक की उम्मीद है।
*वर्षों पुराना सपना हर्षवर्धन ने किया पूरा – दिलीप सिंह चौहान*
*राजस्थान कयाकिंग-कैनॉयंग संघ सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि जब उदयपुर में इस खेल की शुरुआत हुई थी, तभी उनका सपना था कि यहाँ से कोई खिलाड़ी एशियन गेम्स तक पहुँचे। हर्षवर्धन ने यह सपना साकार किया है और अब उनकी नजर अंतरराष्ट्रीय पदक पर है।*
दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि लगभग 4 दशक पूर्व से हमीदा बानो (एथलेटिक्स) के बाद लंबे अंतराल पर उदयपुर के किसी खिलाड़ी को एशियन गेम्स में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। शूटिंग की खिलाड़ी अपूर्वी चंदेला का भी उदयपुर से जुड़ाव रहा है । उन्होंने बताया कि हर्षवर्धन लगभग 7 वर्ष की आयु में अपने पिता निरंजन सिंह शक्तावत एवं माता के साथ बी. एन. तरणताल पर उनके पास तैराकी सीखने आया । उन्होंने हर्षवर्धन को 5 वर्ष के तैराकी एवं फिटनेस प्रशिक्षण के बाद उसकी प्रतिभा को देखते फतहसागर के कयाकिंग सेंटर पर केनो का अभ्यास प्रारंभ कराया तथा लगातार बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भोपाल स्थित साईं सेंटर पर प्रशिक्षण एवं उसके उपरांत हाई परफॉर्मेंस सेंटर पर विशिष्ट प्रशिक्षण प्रदान किया गया । वहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने कई राष्ट्रीय पदक जीते और भारत का प्रतिनिधित्व भी किया उसके बाद उनका चयन भारतीय कायकिंग व कैनो संघ द्वारा संचालित उत्तराखंड के टिहरी बांध (टिहरी झील) की THDC-IKCA हाई-परफॉर्मेंस कयाकिंग एंड कैनोइंग अकादमी मै हुआ जहाँ पर आधुनिक व वैज्ञानिक तकनीक से विदेशी प्रशिशकों द्वारा हाई क्लास प्रशिक्षण दिया जाता है जहाँ गहन प्रशिक्षण प्राप्त कर हर्षवर्धन ने लगातार अनेक राष्ट्रीय पदक जीते और अब वह अवसर आ गया जब वे एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे है ।
*हर्षवर्धन को पदक की शुभकामनाएँ —जापान में लहराएगा उदयपुर का गौरव*
राजस्थान ड्रैगन बॉट/केनो स्प्रिंट चेयरमैन अजय अग्रवाल ने हर्षवर्धन को पदक की अग्रिम सुभकामनाये व बधाई देते हुए कहा की पूर्व खिलाड़ी नेहा कुमावत के ओलंपिक क्वालीफाइंग राउंड तक पहुँचने सहित उदयपुर के वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों की उपलब्धियों को उल्लेखनीय बताया। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर उदयपुर की प्रतिभाएँ विश्वस्तरीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
*फतहसागर की लहरों ने तराशा चैंपियन, अब जापान में दिखेगा उदयपुर का दमखम*
राजस्थान कयाकिंग-कैनॉयंग संघ के अध्यक्ष भगवान स्वरूप वैष्णव ने बताया कि हर्षवर्धन ने फतहसागर झील से अपने खेल सफर की शुरुआत की। राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें विशेष प्रशिक्षण मिला। अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास ने उन्हें भारतीय टीम तक पहुँचाया है।
संघ पदाधिकारी कमलेश हाथी एवं दीपक गुप्ता ने बताया कि फतहसागर पर सुबह और शाम दोनों सत्रों में खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते हैं, जिसके परिणामस्वरूप उदयपुर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 150 से अधिक पदक अर्जित किए हैं।
*संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि एशियन गेम्स के लिए हर्षवर्धन के चयन के बाद भारतीय दल के 14 खिलाड़ी एवं 4 प्रशिक्षक जापान की कोमात्शु सीटी मे नियमित रूप से गहन अभ्यास कर रहे हैं यह अभ्यास कैंप 15 दिवसीय है तथा यह विशेष प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों को जापान के वातावरण, मौसम और प्रतिस्पर्धात्मक परिस्थितियों के अनुरूप ढालने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, जिससे वे एशियन गेम्स में भारत का उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित कर सकें।*
*संघ के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने इस अवसर पर साई के एनसीओई, मेवाड़ राजपरिवार के डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, उदयपुर की पूर्व संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरानी तथा चन्द्रगुप्त सिंह चौहान का विशेष आभार व्यक्त किया।* साथ ही कहा की उन्होंने कहा कि फतहसागर की लहरों से शुरू हुआ यह सफर आज जापान के अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँच चुका है। हर्षवर्धन की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उदयपुर की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह सफलता इस बात का सशक्त संदेश देती है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर झीलों की नगरी से निकली प्रतिभाएँ भी एशिया के सर्वोच्च खेल मंचों पर तिरंगा लहराकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
इस अवसर पर संघ के चेयरमैन चंद्रगुप्त सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष डॉ भूपेंद्र सिंह चौहान, डॉ महावीर सिंह परिहार, महेश पिंपलकर, नवल सिंह चुंडावत, आर.के. धाबाई, जिला ओलंपिक संघ के विनोद साहू, सुधीर बक्षी, जिला खेल अधिकारी महेश पालीवाल, रणवीर सिंह राणावत, किशन गायरी, डॉ. ललित रेगर, किशन व्यास, प्रमोद कुमावत सहित संघ पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने हर्षवर्धन सिंह शक्तावत और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएँ दीं। सभी ने एशियन गेम्स में उनके शानदार प्रदर्शन और पदक जीतने की कामना की।