राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा-ग्राम पंचायत सरदारपुरा स्थित सुदर्शनपुरा का मुख्य एनिकट टूट जाने से आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया है। एनिकट टूटे हुए पूरा एक महीना बीत जाने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
खेतों तक पहुंचना हुआ दुभर
एनिकट टूटने के कारण किसानों और ग्रामीणों को अपने ही खेतों तक पहुंचने के लिए 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर अरनिया घोड़ा होकर जाना पड़ रहा है। जिस दूरी को ग्रामीण पहले मात्र 2 किलोमीटर में तय कर लेते थे, उसके लिए अब 10 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि ईंधन और पैसे का भी भारी नुकसान हो रहा है।
कई महत्वपूर्ण गांवों का संपर्क टूटा
यह एनिकट रास्ता केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरदारपुरा पंचायत मुख्यालय को सुदर्शनपुरा, सांखलिया और श्रीनगर से जोड़ता है। इसके अलावा, कनेचन कलां के ग्रामीणों के लिए भी शाहपुरा तहसील मुख्यालय जाने का यही प्रमुख और सीधा मार्ग है। रास्ता बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की चेतावनी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द एनिकट की मरम्मत कराकर रास्ता चालू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन और तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
दलीचन्द गुर्जर, रोडू माली, जगदीश माली, किशन माली, रामस्वरूप कुमावत, हंसराज गुर्जर, परमेश्वर बैरवा आदि ग्रामीण मौजूद रहे है।