भाद्रपद अमावस्या पर मंदिर में दिनभर रही भीड़, ट्रस्ट ने संभाली दर्शन व्यवस्था, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और विशेष पूजा-अर्चना
पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा । भाद्रपद अमावस्या पर तिलस्वां महादेव मंदिर आस्था के रंग में रंगा नजर आया। अलसुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और कुछ ही देर में मंदिर परिसर भक्तों से भर गया। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर घंटों इंतजार के बाद भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। इस अवसर पर तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट की ओर से विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक कराया तथा हवन संपन्न करवाया। श्रद्धालुओं ने ललाट पर केसर का तिलक धारण कर शिव नाम का स्मरण किया और भगवान महादेव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। तिलस्वां महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चन्द अहीर एवं सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि भाद्रपद अमावस्या का क्षेत्र में विशेष धार्मिक महत्व है। इसी आस्था के चलते आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर शिवभक्ति के जयकारों से गूंजता रहा और पूरा वातावरण धर्ममय बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट प्रशासन की ओर से सुगम दर्शन, कतार प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं ने बिना परेशानी के मंदिर में प्रवेश कर पूजा-अर्चना की और भगवान शिव के दर्शन किए।