मेवाड़ी गेट व शाहपुरा मोहल्ले में दो दिवसीय मेले का आयोजन, शहरभर के मंदिरों में हुई पूजा-अर्चना
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|भादवा माह की एकम के पावन अवसर पर शहर में बाबा रामदेवजी की भक्ति का माहौल रहा। मेवाड़ी गेट स्थित बाबा रामदेव मंदिर तथा शाहपुरा मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव मंदिर में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। एकम के दिन दोनों मंदिरों में बाबा रामदेवजी की विशेष पूजा-अर्चना कर आरती की गई।इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर बाबा रामदेवजी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बाबा के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।भादवा एकम के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित बाबा रामदेवजी के मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन हुए तथा श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। दो दिवसीय मेले को लेकर मंदिर समितियों की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं। मेले के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।