सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा/रायपुर।स्मार्ट हलचल|भादवी बीज के महा-पर्व पर भीलवाड़ा जिले के पालरा (रायपुर) क्षेत्र में बाबा रामदेव जी के प्रति अगाध श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सेन समाज पालरा द्वारा बाबा रामदेव जी का भव्य निशान (नेजा) मियाला धाम के लिए रवाना किया गया। इस धार्मिक यात्रा में समाज के महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
*आंजना महादेव पर एक माह का राम रसोड़ा संपन्न*
इस धार्मिक यात्रा के दौरान आंजना महादेव (देवगढ़) में पिछले एक महीने से पैदल यात्रियों के लिए निरंतर चल रहे विशाल राम रसोड़े (भंडारे) का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस राम रसोड़े का भव्य आयोजन नारायण लाल सेन पालरा (रायपुर) की ओर से किया गया था। एक माह तक चले इस भंडारे में हजारों पैदल यात्रियों के लिए भोजन और विश्राम की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा सराहना की।
*आरती और नाच-गान के साथ चढ़ाया निशान*
भंडारे के समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी के पवित्र निशान (नेजा) की विधि-विधान से भव्य आरती उतारी। आरती के बाद डीजे की भक्तिमय धुनों पर महिला और पुरुष श्रद्धालु जमकर झूमे और नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। इस हर्षोल्लास के साथ श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों के बीच मियाला पहुंचकर बाबा रामदेव जी के दरबार में पवित्र निशान (नेजा) चढ़ाया।
*वाहन रैली के रूप में रवाना हुए श्रद्धालु*
सेन समाज द्वारा आयोजित इस नेजा यात्रा को पूरी भव्यता के साथ रवाना किया गया। श्रद्धालु विभिन्न वाहनों के काफिले के साथ यात्रा में शामिल हुए। हाथों में बाबा का पवित्र नेजा थामे श्रद्धालु नाचते-गाते और बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र बाबा की भक्ति के रंग में रंग गया।