श्री त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले को लेकर पुलिस की तैयारियां पूर्ण, एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

सवाई माधोपुर।स्मार्ट हलचल|श्री त्रिनेत्र गणेश जी लक्खी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सवाई माधोपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में रणथंभौर मैरिज गार्डन में पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी ने मेले में ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।ब्रीफिंग के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा खोया-पाया व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम दर्शन के लिए सवाई माधोपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।