बाबा रामदेव के जयकारों से गूंजा पीथास, भक्ति में झूम उठा पूरा गांव

प्राकट्य दिवस और भादवी बीज पर निकली भव्य शोभायात्रा, धार्मिक ध्वजों से सजा गांव; देर रात तक गूंजे बाबा के भजन

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|मांडल तहसील का पीथास गांव रविवार को बाबा रामदेव की भक्ति में सराबोर नजर आया। लोकदेवता बाबा रामदेव जी के प्राकट्य दिवस एवं भादवी बीज के पावन अवसर पर बाबा रामदेव मित्र मंडल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं के जयकारों से गांव का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।हाथों में धार्मिक ध्वज और जुबां पर बाबा रामदेव के जयकारे… भजनों की गूंज के बीच निकली शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। महिला-पुरुष और युवा बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे गांव में ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि हर ओर बाबा रामदेव के जयकारे सुनाई देते रहे।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी की विधिवत आरती कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु:-
शोभायात्रा से पहले शनिवार रात को आयोजित भव्य भजन संध्या ने भी श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। गायक कलाकारों ने बाबा रामदेव जी के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियां गूंजते ही श्रद्धालु झूम उठे और देर रात तक बाबा की भक्ति में डूबे रहे।
आयोजन को लेकर दिखा जबरदस्त उत्साह:-
बाबा रामदेव जी के प्राकट्य दिवस को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। गांव में धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया। शोभायात्रा और भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धा ने पीथास को पूरी तरह बाबा रामदेव की भक्ति के रंग में रंग दिया।