महेन्द्र नागौरी
आज आचार्य से मिलेंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, धर्म-सामाजिक मुद्दों पर होगी चर्चा
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के चातुर्मास के बीच सोमवार को भीलवाड़ा में महत्वपूर्ण मुलाकात होने जा रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सुबह 11 बजे शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल पहुंचकर आचार्य पुलकसागरजी से दर्शन एवं धर्मचर्चा करेंगे। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक धार्मिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
इधर रविवार को चातुर्मासिक प्रवचन में आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि भगवान देने में कभी कमी नहीं रखते, कमी हमारी पात्रता में होती है। पर्युषण पर्व से पहले ईश्वर की कृपा पाने के लिए व्यक्ति को स्वयं को पात्र बनाना होगा। इसके लिए सप्त कुव्यसनों, रात्रि भोजन और जीवन की बुराइयों का त्याग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि धर्म के क्षेत्र में झूठ और पाप के लिए कोई समझौता नहीं होना चाहिए। व्यापार में झूठ हो सकता है, लेकिन झूठ का व्यापार नहीं; व्यापार में हिंसा हो सकती है, लेकिन हिंसा का व्यापार नहीं।
आचार्यश्री ने शुद्धोपयोगी और शुभोपयोगी मुनि का अंतर समझाते हुए कहा कि आराध्य को जाने बिना सच्चा आराधक नहीं बना जा सकता। गृहस्थ जीवन में समझौते हो सकते हैं, लेकिन धर्म और सत्य के मामले में संकल्प अडिग होना चाहिए।
16 से शुरू होगा ‘पाप नाशनम’ शिविर
पर्युषण (दशलक्षण) पर्व के तहत 16 से 25 सितम्बर तक सूर्यमहल में दस दिवसीय ‘पाप नाशनम’ शिविर आयोजित होगा। शिविर के लिए सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं ने पंजीयन कराया है। संघ प्रमुख के आगमन को देखते हुए सोमवार का प्रवचन सुबह 8.30 से 9.30 बजे तक रहेगा तथा प्रवेश-निकासी की विशेष व्यवस्था की गई है।