घरेलू विवाद के बाद महिला की मौत, जहरीला पदार्थ खाने की बात

खखरेरू/स्मार्ट हलचल |फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के कृष्णानगर वार्ड नंबर 15 (सोथरापुर) में सोमवार सुबह घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दियाहै।
कृष्णानगर निवासी सीमा सिंह (54) पत्नी मदन सिंह ने सोमवार सुबह करीब नौ बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी हरदो लेकर पहुंचे। चिकित्सक महिला को रेफर करने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, महिला का पति मदन सिंह शराब का आदी बताया जाता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण सीमा सिंह उसे शराब पीने से रोकती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात ग्रामीणों ने बताई। सोमवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
मृतका के दो बेटे हर्ष (40) और हिमांशु सिंह (30) हैं। दोनों अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। महिला की मौत की खबर मिलते ही दोनों बेटे और मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। महिला का मायका चित्रकूट जनपद के वीरा मुसीवा गांव में बताया गया है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।