भगवान गणेश को दिया ‘स्वयंसिद्धा-2027’ का पहला निमंत्रण

लघु उद्योग भारती की मुख्य एवं महिला इकाई ने पूजा-अर्चना के साथ शुरू की आयोजन की तैयारियां

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल |लघु उद्योग भारती की ओर से आगामी 8, 9 एवं 10 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले ‘स्वयंसिद्धा-2027’ कार्यक्रम के लिए गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश को प्रथम निमंत्रण अर्पित किया गया। मुख्य इकाई एवं महिला इकाई के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आयोजन के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।

संस्था के उपाध्यक्ष रमेश भराडिया ने बताया कि ‘स्वयंसिद्धा-2027’ प्रदर्शनी का आयोजन महिला उद्यमियों एवं लघु उद्योगों को अपने उत्पादों, प्रतिभा और उद्यमिता को व्यापक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के साथ उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि भारतीय परंपरा के अनुसार किसी भी शुभ कार्य का शुभारंभ प्रथम पूज्य भगवान गणेश के आशीर्वाद से किया जाता है। इसी भावना के साथ स्वयंसिद्धा-2027 के लिए पहला निमंत्रण भगवान गजानन को अर्पित कर आयोजन की तैयारियों का शुभारंभ किया गया।