तिलस्वा-भुजरकला पंप हाउस पर मेंटेनेंस शटडाउन का असर | शहर समेत जिले के कई इलाकों में जलापूर्ति होगी प्रभावित
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|चम्बल भीलवाड़ा पेयजल परियोजना से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। 16 सितंबर, बुधवार को भीलवाड़ा शहर सहित जिले में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। सुबह के समय पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी, जबकि शाम को भी कई इलाकों में आंशिक रूप से पानी नहीं पहुंच पाएगा।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के परियोजना खण्ड-प्रथम के अधिशाषी अभियंता सिद्धार्थ टाक ने बताया कि 15 सितंबर को तिलस्वा एवं भुजरकला में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) द्वारा रखरखाव कार्य के लिए शटडाउन लिया गया है। इसके चलते दोनों स्थानों के पंप हाउस से पंपिंग बंद रहेगी।
पंपिंग ठप होने का सीधा असर WTP आरोली की जलापूर्ति पर पड़ेगा। नतीजतन चम्बल परियोजना से होने वाली जलापूर्ति की व्यवस्था प्रभावित होगी और इसका असर अगले दिन यानी 16 सितंबर की सप्लाई पर साफ दिखाई देगा।
विभाग के अनुसार 16 सितंबर को भीलवाड़ा शहर समेत जिले में प्रातःकालीन पेयजल आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित रहेगी, जबकि सायंकालीन आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित होगी।
मेंटेनेंस का असर, पानी के लिए पहले से रहें तैयार
विभाग ने आमजन से अपील की है कि जलापूर्ति बाधित रहने को देखते हुए 16 सितंबर के लिए आवश्यक पानी का भंडारण पहले से कर लें और पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करें। मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।