मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक बरामद

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची जैतारण पुलिस, चोरी की दो मोटरसाइकिलें जब्त

अनिल कुमार खींची

ब्यावर/जैतारण। स्मार्ट हलचल|पुलिस थाना जैतारण ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने एवं वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी जैतारण रमेन्द्र सिंह हाड़ा के सुपरविजन में थानाधिकारी नरेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने प्रकरण की जांच के दौरान लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। मुखबिर सूचना एवं पुलिस के पारंपरिक तरीकों से तलाश करते हुए राहुल सिंगारिया पुत्र बगदाराम, उम्र 28 वर्ष, निवासी रेगरों का छोटा बास, जैतारण को दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 की रात जैतारण बस स्टैंड के पास श्याम होटल के निकट खड़ी मोटरसाइकिल आरजे 22 यूएस 7194 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। इस संबंध में थाना जैतारण में प्रकरण संख्या 404/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्रकरण में चोरी गई मोटरसाइकिल आरजे 22 यूएस 7194 बरामद की। इसके अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल आरजे 01 ईएस 5200 को भी धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया।

पुलिस टीम

कार्रवाई में थानाधिकारी नरेश कुमार शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल, हैड कांस्टेबल संजय (नंबर 87), कांस्टेबल प्रहलाद (नंबर 470), कांस्टेबल धर्मेन्द्र (नंबर 439), कांस्टेबल मनोहरलाल (नंबर 714) एवं कांस्टेबल अशोक (नंबर 638) शामिल रहे।