बेसमेंट में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

तीन दमकल वाहनों ने 25 फेरे लगाकर बुझाई आग, पास संचालित लाइब्रेरी की सुरक्षा पर उठे सवाल

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|कॉलेज रोड स्थित भोला टेंट हाउस के बेसमेंट में देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से गोदाम में रखा टेंट हाउस का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर दमकल विभाग की टीम तीन दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची। बेसमेंट में गोदाम होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकल वाहनों ने करीब 25 फेरे लगाकर पानी डाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

लाइब्रेरी की सुरक्षा पर सवाल

टेंट हाउस के गोदाम के पास ही लाइब्रेरी संचालित होने से आग की घटना के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की है।

लोगों का कहना है कि बेसमेंट में ज्वलनशील टेंट सामग्री का भंडारण और उसके पास लाइब्रेरी का संचालन होने की स्थिति में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच जरूरी है। संबंधित विभागों से मौके का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच कराने की मांग की गई है।

आग बुझाने के दौरान सहायक फायर अधिकारी ताराचंद भट्ट सहित दमकल विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।