डिजाइन विकास का, दिल सेवा का… इंजीनियर्स डे बना संवेदना का उत्सव, इंजीनियरों ने इस बार मशीनें नहीं, रिश्ते जोड़े

इंजीनियर्स वेलफेयर सोसायटी ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को कराया भोजन, शाम को सूचना केंद्र में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ समारोह

*देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इंजीनियर्स: अनूप सोमानी*

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल|इंजीनियरिंग को आमतौर पर तकनीक, नवाचार और विकास से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन जब तकनीकी दक्षता के साथ संवेदना और सेवा का भाव जुड़ता है तो पेशे की सामाजिक भूमिका और व्यापक हो जाती है। इसी सोच को साकार करते हुए इंजीनियर्स वेलफेयर सोसायटी, भीलवाड़ा ने इंजीनियर्स डे को महज उत्सव तक सीमित न रखते हुए सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया। दिन की शुरुआत वृद्धाश्रम में सेवा कार्य से हुई, जबकि शाम को सूचना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लियज्ञं सुबह सोसायटी के सदस्य वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां वृद्धजनों को भोजन कराया गया तथा फल और नेपकिन वितरित किए गए। सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके बीच समय बिताया। सेवा कार्य के दौरान अपनत्व और सम्मान का भाव नजर आया। सदस्यों ने वृद्धजनों से आशीर्वाद भी लिया। शाम को सूचना केंद्र में इंजीनियर्स डे का विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोली ने आयोजन की गरिमा और सुंदरता बढ़ाई। सोसायटी के सदस्य अपने परिवारजनों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और एक-दूसरे को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं दीं। सोसायटी अध्यक्ष अनूप सोमानी ने कहा कि इंजीनियर्स देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तकनीकी दक्षता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से सोसायटी ने इंजीनियर्स डे को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता से जोड़कर मनाया है। इंजीनियर्स डे का यह आयोजन सुबह वृद्धजनों की सेवा से शुरू होकर शाम को दीप प्रज्ज्वलन के साथ सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन ने तकनीक और संवेदना के समन्वय का संदेश दिया। कार्यक्रम में अजोय सिंहा, मनोज गर्ग, पीयूष जैन, प्रवीण पारख, पंकज अग्रवाल, कमलेश्वर अँछारा, आबिद हुसैन, विनोद वाली, उमेश ओझा, अनिता सोमानी, सीमा गुप्ता, साशी वाली, आरती अंसरा, रेखा गर्ग सहित सोसायटी के सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।