जनभागीदारी से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा विकसित भारत–जन सेवा अभियान, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

अनिल कुमार खींची

ब्यावर ।स्मार्ट हलचल|जिले में जनसेवा, जनभागीदारी और सुशासन की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जिलेभर में जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर आमजन को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी दिया कुमारी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से अभियान की तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, जनसेवा शिविर, श्रमदान एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन होगा। शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, प्रेरणादायी वीडियो प्रदर्शन, विद्यार्थी रैलियां तथा रंगोली प्रदर्शन भी किए जाएंगे। इसके साथ ही आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया जाएगा।

दिया कुमारी ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों का प्रभावी आयोजन करने और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलक्टर कमल राम मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत, संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग गणेशाराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।