बजरंग आचार्य
सादुलपुर :स्मार्ट हलचल|राजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे और अंतिम दिन राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. मनोज खेमादा के समक्ष दो प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से राकेश पूनियां ने और कांग्रेस पार्टी की ओर से रुखसाना बानो ने उम्मीदवारी पेश की है। भाजपा प्रत्याशी राकेश पूनियां ने सावधानीस्वरूप दो सेटों में नामांकन दाखिल किया है, जिसमें एक भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी के रूप में और दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में है।
कांग्रेस उम्मीदवार रुखसाना बानो के नामांकन दाखिल करने के दौरान राजनीतिक एकजुटता देखने को मिली। इस अवसर पर पूर्व विधायक कमला कस्वां और पूर्व विधायक कृष्णा पूनियां विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अंतिम दिन दोनों पक्षों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के बाद अब चुनावी मुकाबला रोचक होने के पूरे आसार हैं।