(पंकज पोरवाल)
विश्वकर्मा जयंती पर सेवा का संकल्प, 111 यूनिट रक्तदान से रचा मदद का आंकड़ा, 88 लोगों की नेत्र जांच व 73 की दंत जांच हूई
*भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|विश्वकर्मा जयंती पर सेवा की भावना ने एक साथ तीन रूप लिए-रक्तदान, नेत्र जांच और दंत चिकित्सा। लघु उद्योग भारती महिला इकाई के शिविर में 111 यूनिट रक्तदान हुआ, जबकि 88 लोगों की नेत्र जांच और 73 लोगों की दंत जांच की गई। आयोजन ने सामाजिक सेवा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का भी संदेश दिया। तीनों सेवा कार्यों में रामस्नेही चिकित्सालय, भीलवाड़ा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्रीमती हरितिमा रहीं, जबकि पुलिस अधिकारी सुनील चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष महेश हुरकट ने की। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने सेवा कार्यों का अवलोकन कर आयोजकों और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। महिला इकाई की अध्यक्ष पल्लवी लढा ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में 106 यूनिट रक्तदान हुआ था। इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 111 यूनिट तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि महिला इकाई सेवा कार्यों को लगातार विस्तार देने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में इस बार रक्तदान के साथ निःशुल्क नेत्र एवं दंत जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। सचिव डॉ. प्रियंका मेहता ने बताया कि शिविर का उद्देश्य रक्तदान के साथ लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करा सकें। उन्होंने रामस्नेही चिकित्सालय की चिकित्सा टीम, रक्तदाताओं, चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम प्रभारी सरिता अग्रवाल एवं ज्योति आगाल ने बताया कि लोगों की सक्रिय भागीदारी से शिविर को गति मिली। महिला इकाई की पूरी टीम ने अलग-अलग व्यवस्थाओं में समन्वय करते हुए आयोजन को सफल बनाया। इस अवसर पर प्रदेश संयुक्त मंत्री रविंद्र जाजू, संजीव चिरानिया, रामप्रकाश काबरा, चंदा मुंदड़ा, शंभूप्रसाद काबरा तथा ग्रोथ सेंटर इकाई अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल सहित लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। शिविर के सफल आयोजन में सीए प्रिया कोठारी, रेखा ईनाणी, कीर्ति पाराशर, प्रतिभा पाराशर, शोभा चोखड़ा, गुड्डी काबरा, मानकंवर काबरा, सुमित्रा हुरकट, रीना डाड, इंदु मालू, स्नेहलता मेलाना, नेहा सबरवाल, मधु कोगटा, शिल्पा टिक्कीवाल, रक्षा जैन, वीणा मोदी एवं विनीता तोषनीवाल सहित महिला इकाई की सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। लघु उद्योग भारती से राजकुमार मेलाना एवं सुरेश कोगटा का भी विशेष सहयोग रहा। महिला इकाई ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।