(नरेश कुरेडा)
ड्रोन से हुई पुष्पवर्षा, जगह-जगह हुआ स्वागत; महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण
पीपलू। स्मार्ट हलचल|ग्राम बगड़ी में धाकड़ समाज की ओर से धरणीधर जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर धाकड़ नवयुवक संघ बगड़ी के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं झांकी का आयोजन किया गया। आयोजन में समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।धाकड़ नवयुवक कार्यकर्ता कन्हैया लाल ने बताया कि शोभायात्रा का शुभारंभ धाकड़ समाज मंदिर से भव्य झांकी के साथ हुआ। शोभायात्रा में 51 कलशों को महिलाओं द्वारा सिर पर धारण कर यात्रा निकाली गई। भव्य झांकी और जुलूस के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा माताजी मंदिर, छोटा बाजार, रावला, तेजाजी चौक, निवाई रोड होते हुए नीम चौकड़िया पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए वापस धाकड़ मोहल्ले में पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भव्य झांकी और शोभायात्रा का स्वागत किया।
आयोजन के दौरान जुलूस और झांकी पर ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। धरणीधर जी के जयकारों से गांव का वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की मौजूदगी से आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
शोभायात्रा के समापन के बाद धरणीधर जी की महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। समाज के लोगों ने धरणीधर जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
धाकड़ नवयुवक संघ बगड़ी द्वारा आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम हर वर्ष शुक्ल पक्ष की षष्ठी को आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी जन्मोत्सव को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और धरणीधर जी का जन्मोत्सव पूरे गांव में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।