शाहपुरा में 15वां रक्तदान शिविर आयोजित, 94 यूनिट रक्त संग्रह; प्रत्येक रक्तदाता को गमले सहित पौधा भेंट
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|शाहपुरा के शिक्षकों और राज्य कर्मचारियों की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अनूठी पहल लगातार जारी है। वर्ष 2011 से 5 सितंबर के अवसर पर शुरू हुए रक्तदान एवं पौधारोपण अभियान के तहत इस वर्ष स्थानीय निकाय चुनावों के कारण 17 सितंबर को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंड गेट में 15वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 94 यूनिट रक्तदान हुआ।
शिक्षकों के साथ विभिन्न विभागों के राज्य कर्मचारियों तथा आसपास के समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में शाहपुरा ब्लॉक के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज में सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेश कुमार व्यास ने कहा कि शाहपुरा ब्लॉक के शिक्षक विद्यार्थियों को अक्षर ज्ञान देने के साथ अब रक्तदान कर लोगों का जीवन बचाने में भी योगदान दे रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक नाना लाल सालवी ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को संस्कार दिए जाते हैं। ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों को देखकर छात्र-छात्राओं में भी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी तथा वे भविष्य में समाज और देश के अच्छे नागरिक बनेंगे।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेनाराम कुमावत ने शिक्षकों और कर्मचारियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। शाहपुरा जिला चिकित्सालय के प्रभारी अधिकारी डॉ. अशोक जैन ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर सहयोग किया।
मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने कहा कि रक्तदान और पौधारोपण दोनों मानवीय कार्य हैं। उन्होंने कहा कि अपने सेवा कार्यकाल के दौरान उन्होंने शाहपुरा के शिक्षकों और राज्य कर्मचारियों की इस सराहनीय पहल को देखा है, जो अन्य लोगों के लिए भी अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के दौरान जुड़वा बच्चों दिव्यांश और देवांशु के जन्मदिन का आयोजन भी रक्तदान शिविर स्थल पर किया गया। दोनों बच्चों ने अपने शिक्षक माता-पिता के साथ शिविर में पहुंचकर जन्मदिन मनाया।
अतिथियों ने विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। साथ ही प्रत्येक रक्तदाता को गमले सहित पौधा भेंट कर रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
शाहपुरा मूल के निवासी एवं राजस्थान सरकार में प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया ने आयोजक देवीलाल बैरवा एवं समस्त कर्मचारियों को बधाई संदेश भेजा। उन्होंने लगातार इस पुनीत कार्य को जारी रखने को शाहपुरा के लिए प्रदेश में गौरव की बात बताया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी चतुर्भुज जटिया, शंकर सिंह राठौड़, किसान केसरी संघ अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ओझा, पुखराज जोशी, नारायण लाल जाट, सलीम डायर, इस्माइल खान कायमखानी, नयन बुला, हरित शाहपुरा के प्रताप सिंह राणावत, जयप्रकाश शर्मा, महेश कोहली, सत्यनारायण खटीक, रमेश घूसर, पुष्पेंद्र कुमार घूसर, पूर्व मुख्य लेखा अधिकारी उदय लाल बेरवा, इकरामउल हक अंसारी, कैलाश कोली, आशीष राय, धनराज मीणा, मौलाना मुमताज, जगदीश जाट, स्नेहलता बैरवा, वर्षा व्यास, लाड़ कंवर, धर्मेंद्र सिंह सोदा, मदन माली, चंद्र प्रकाश जोशी, पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारका प्रसाद जोशी, महावीर प्रसाद भील सहित कई लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने किया।
40वीं बार रक्तदान कर रामचंद्र बैरवा ने पेश की मिसाल
शिविर की खास बात यह रही कि शाहपुरा निवासी रामचंद्र बैरवा ने 40वीं बार रक्तदान किया। उनके इस नियमित रक्तदान को कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहा गया।