ड्राइवर दिवस पर टैक्सी-ऑटो व ई-रिक्शा चालकों का सम्मान

पुलिस अधिकारियों ने साफा-माला पहनाकर किया स्वागत, यातायात नियमों की पालना की दिलाई शपथ

अनिल कुमार

खींची ब्यावर । स्मार्ट हलचल|ड्राइवर दिवस के अवसर पर जिला पुलिस प्रशासन की ओर से टैक्सी, ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों व चालकों का सम्मान किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया, पुलिस निरीक्षक आशुतोष पांडे सहित यातायात पुलिसकर्मियों ने चालकों को साफा व माला पहनाकर स्वागत किया।कार्यक्रम में टैक्सी, ऑटो एवं ई-रिक्शा यूनियन के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में चालक मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने चालकों से सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने वाहन चलाते समय नशे व मोबाइल फोन के उपयोग से बचने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा व यातायात संकेतों की पालना करने की हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि एंबुलेंस, दमकल सहित अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता उपलब्ध करवाना सभी वाहन चालकों की जिम्मेदारी है। टैक्सी, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं, इसलिए सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान चालकों ने यातायात नियमों की पालना करने तथा आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में सहयोग का भरोसा दिलाया।