एक माह तक जिले में चलेगा जनसेवा का अभियान

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम

अनिल कुमार खींची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनसेवा, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों में आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, शैक्षणिक संस्थानों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, प्रेरणादायी वीडियो प्रदर्शन, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन, विद्यार्थियों की रैली, श्रमदान एवं सामुदायिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही जनसेवा शिविर, रंगोली प्रदर्शन तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम भी होंगे।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।