अनाज मंडी में बाजरा बेचकर लौटे किसान को बस स्टैंड पर बनाया निशाना, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
नीरज मीणा
मंडावर। स्मार्ट हलचल/मंडावर कस्बे में किसानों को निशाना बनाकर रुपए ठगी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार झूठा हेड़ा खुर्द निवासी किसान खिलारी मंडावर अनाज मंडी में बाजरा बेचकर बस स्टैंड पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने किसान से बातचीत करते हुए अधिक पैसे देने की बात कहकर उसे अपने झांसे में लिया और कथित रूप से ₹16,600 लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद किसान ने आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसान से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बदमाश की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
लिफ्ट और रास्ता पूछने के बहाने भी किसानों को बना रहे निशाना
स्थानीय स्तर पर ऐसी घटनाओं को लेकर किसानों में चिंता देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश कभी लिफ्ट देने तो कभी रास्ता पूछने या अधिक रुपए दिलाने का झांसा देकर किसानों को अपने जाल में फंसाते हैं।
मंडावर थाना पुलिस की अपील : किसान मंडी से अनाज बेचकर लौटते समय अपने रुपए सुरक्षित रखें और किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे न दें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।