कलक्टर कमल राम मीना ने किया बैनर का विमोचन
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल |राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में 10 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक मानसिक स्वास्थ्य माह मनाया जा रहा है। इस दौरान आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ मानसिक रोगों से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा जरूरत पड़ने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श व उपचार लेने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला कलक्टर कमल राम मीना ने जिला अधिकारियों की मौजूदगी में मानसिक स्वास्थ्य माह के बैनर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना जरूरी है।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी मानसिक स्वास्थ्य डॉ. अनुरुद्ध भार्गव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद धनदान देथा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला अधिकारी विशाल सिंह सोलंकी, साइबर थाना अधिकारी अनिल पुरोहित सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने कहा कि तनाव, चिंता, अवसाद अथवा अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।