उनियारा उपखंड में खाद के संकट को लेकर किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,

डीएपी-यूरिया की समय पर उपलब्धता और ऑनलाइन प्रक्रिया हटाकर आधार कार्ड से खाद वितरण की मांग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में डीएपी एवं यूरिया खाद की कथित कमी से किसानों को हो रही परेशानी को लेकर शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को किसानों ने उपखंड अधिकारी उनियारा को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।
ज्ञापन में क्षेत्र के किसानों ने बताया कि डीएपी एवं यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने उनियारा उपखंड क्षेत्र के सभी खाद विक्रेताओं एवं डीलरों के पास पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करवाने की मांग की, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके। किसानों ने जमाबंदी की ऑनलाइन प्रक्रिया हटाकर आधार कार्ड के आधार पर खाद उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। किसानों के अनुसार वर्तमान ऑनलाइन प्रक्रिया के चलते खाद प्राप्त करने में अतिरिक्त परेशानी हो रही है।
*आठ दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी*
ज्ञापन में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिन के भीतर डीएपी एवं यूरिया खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो उनियारा उपखंड क्षेत्र के किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। किसानों ने इसके लिए शासन एवं प्रशासन को जिम्मेदार ठहराए जाने की बात कही है।