रेखचंद्र भारद्वाज
दशलक्षण पर्व के तहत जैन मंदिरों में हो रहे धार्मिक कार्यक्रम
जुरहरा, जिला डीग: कस्बे के नेमीश्वरधाम सहित चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में शनिवार को भगवान पुष्पदंत का मोक्ष कल्याण मनाया गया तथा चौथे धर्म उत्तम शौच धर्म की पूजा की गई।जुरहरा जैन समाज से विपिन जैन ने बताया कि भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को जैन धर्म के नवमें तीर्थकंर भगवान पुष्पदंत को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी जिसके उपलक्ष्य में कस्बे के पुन्हाना रोड स्थित नेमीश्वर धाम जैन मंदिर पर भगवान पुष्पदंत की पूजा के साथ निर्वाण कांड का जाप कर निर्वाण लडडू भगवान की प्रतिमा के समक्ष चढाये गये। इसके अलावा इन दिनों चल रहे दशलक्षण पर्व के तहत जैन मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। दोनों मंदिरों में भगवान की शांतिधारा के साथ प्रतिदिन शुरू होने वाले कार्यक्रमों में जिनेन्द्र भगवान का अभिषेक एंव अष्ट द्रव्यों से सामुहिक पूजन की जा रही है। श्री चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित हो रहे दशलक्षण विधान में देव-शास्त्र-गुरू, सोलह कारण, पंचमेरू, भगवान चन्द्रप्रभु की पूजनों के अलावा चौथे उत्तम शौच धर्म की पूजा की गई। भगवान की शांतिधारा करने का सौभाग्य नरेन्द्र जैन नेम जैन तथा अजित प्रसाद प्रदीप कुमार जैन को प्राप्त हुआ, विधान पुण्यार्जक परिवार शीलचन्द मुकेश कुमार जैन रहे। देर शाम प्रतिदिन बोलीदाता परिवार के घर से ढोल के साथ आरती के थाल मंदिर ले जाये जाते है जिनसे भगवान की सामुहिक आरती होती है तथा बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एंव धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जा रहे है। कार्यक्रमों में बडी संख्या में महिला-पुरूष एंव बच्चे शामिल हो रहे है।