कल होगा जिला स्तरीय 70वीं विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज

महाराव भीमसिंह स्टेडियम में गूंजेगी वॉलीबॉल की रोमांचक टक्कर, कोटा *जिले की टीमें लेंगी भाग

बी एम राठौर
न्यूज
सांगोद 19 सितम्बर सांगोद। स्मार्ट हलचल|जिला स्तरीय 70वीं विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य आगाज रविवार को सांगोद के महाराव भीमसिंह स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता का आयोजन जेएलएन संस्कार एकेडमी, सांगोद द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 10 बजे किया जाएगा।प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित होने वाली वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कोटा जिले की 18 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं विद्यालयों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 50 से अधिक टीमों/प्रतिभागियों का पंजीकरण हो चुका है। प्रतियोगिता में कोटा जिले के प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भी मैदान में अपना दमखम दिखाएंगी। इनमें सोफिया स्कूल और सेंट पॉल स्कूल जैसे प्रमुख विद्यालयों की टीमें भी शामिल हैं।

महाराव भीमसिंह स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जेएलएन एजुकेशनल ग्रुप के सचिव डॉ. अशरफ बेग ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।

वहीं शारीरिक शिक्षक जसवंत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। खिलाड़ियों, टीमों और आयोजन से संबंधित व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा।

सांगोद में होने वाले इस खेल आयोजन को लेकर खेलप्रेमियों और विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है। रविवार को महाराव भीमसिंह स्टेडियम में जिले की प्रतिभाशाली टीमें वॉलीबॉल के मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।