कोटड़ी में 1151 किलो शक्कर से बने छप्पनभोग की आरती, 25 मंदिरों के भगवान को अर्पित हुआ भोग

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।स्मार्ट हलचल|मेवाड़ के ऐतिहासिक धाम श्री चारभुजानाथ मंदिर में चल रहे जलझूलन महोत्सव के तहत शनिवार को राधा अष्ठमी के अवसर पर भक्तो के सहयोग से विशाल छप्पनभोग का आयोजन हुआ। 1151 किलो शक्कर से तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों से सजे छप्पनभोग को भगवान श्री चारभुजानाथ के चरणों में अर्पित किया गया। विशाल छप्पनभोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। छप्पनभोग में विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, पकवानों एवं व्यंजनों के साथ फल-सब्जियों से विशेष भोग सजाया गया। भोग को आकर्षक ढंग से सजाकर भगवान के समक्ष अर्पित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। पंचमुखी दरबार से परमेश्वरदास जी महाराज, सच्चिदानंद जी महाराज, अजरामदास जी महाराज तथा कोटड़ी नृसिंहद्वारा के जयरामदास जी महाराज, कोटड़ी श्याम के मुख्य पुजारी सत्यनारायण पारासर तथा भगत गुजराती ने छप्पनभोग की विधिवत आरती की। संतों के सान्निध्य में हुई आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए और धार्मिक वातावरण भक्तिमय हो गया।
आयोजकों के अनुसार इस बार विशेष रूप से 25 मंदिरों के भगवान को एक साथ छप्पनभोग अर्पित किया गया। चारभुजानाथ मंदिर परिसर में सजे विशाल छप्पनभोग ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। छप्पनभोग का जिला पुलिस अधीक्षक, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री महेश शर्मा, अध्यक्ष संजीव शर्मा, जयपुर माहेश्वरी समाज के सदस्यो ने भी भोग के दर्शन किये। आरती के बाद श्रद्धालुओं को खीर प्रसाद वितरित किया गया। छप्पनभोग के प्रसाद के पैकेट बनना शुरू हो गया जिसे जलझुलन महोत्सव में 22 सितम्बर को आने वाले भक्तो को पैकेट वितरित होंगे। जलझूलन महोत्सव के तहत आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन की ओर से दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
फ़ोटो