देवली-उनियारा में दो स्कूलों की बनेंगी नई बिल्डिंग, 2.95 करोड़ रुपए मंजूर,

विधायक राजेंद्र गुर्जर की अनुशंसा पर बजट स्वीकृति-जर्जर भवनों की जगह होगा नया निर्माण

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के दो राजकीय विद्यालयों में अब नई बिल्डिंग का निर्माण होगा। इसके लिए नाबार्ड योजना के तहत कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त, समग्र शिक्षा डॉ. रश्मि शर्मा ने आदेश जारी किए हैं।
विधायक राजेंद्र गुर्जर की अनुशंसा पर स्वीकृत इन विद्यालयों में जल्द ही भवन निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। विधायक राजेंद्र गुर्जर ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का आभार जताया है।
स्वीकृति के अनुसार देवली उपखंड क्षेत्र के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, राजमहल में नई बिल्डिंग के निर्माण के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं उनियारा उपखंड क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुरा बैरवा में भवन निर्माण के लिए 41 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। दोनों विद्यालयों में नाबार्ड योजना के तहत भवन निर्माण कराया जाएगा। विभागीय प्रक्रिया के तहत टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जानकारी अनुसार बताया गया कि दोनों विद्यालयों के पुराने भवन जर्जर स्थिति में होने के कारण विभाग द्वारा उन्हें नकारा घोषित किया गया था तथा जर्जर भवनों को ध्वस्त कर दिया गया था। अब नए भवन बनने के बाद विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।