तीन दिवसीय आयोजन में हवन-पूजन, शोभायात्रा और रक्तदान; 41 यूनिट रक्त संग्रह, 200 से अधिक मरीजों को चिकित्सा परामर्श
कोटा। स्मार्ट हलचल|श्री महर्षि दधीचि छात्रावास समिति में दाधीच समाज की ओर से तीन दिवसीय महर्षि दधीचि महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को हवन-पूजन, शोभायात्रा, रक्तदान शिविर, कन्याधात्री महिलाओं एवं प्रतिभाओं के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए। आयोजन में त्याग और दान की प्रतिमूर्ति महर्षि दधीचि के जीवन एवं आदर्शों को स्मरण किया गया।समाज अध्यक्ष रविन्द्र जोशी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 41 यूनिट रक्तदान हुआ। वहीं इस वर्ष कन्या को जन्म देने वाली 19 कन्याधात्री महिलाओं को मंच पर चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक संध्या में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
सचिव निमेष पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम में अखिल भारतीय दाधीच ब्राह्मण महासभा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि तथा चंदप्रकाश आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष रविन्द्र दाधीच, मंत्री निमेष पुरोहित, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा,उपाध्यक्ष राजेश दाधीच,गोपाल दाधीच नरसिंह,चंदप्रकाश एडवोकेट,नागेश दाधीच,नरेन्द्र मोहन दाधीच,कौशल किशोर दाधीच,रामकल्याण दाधीच,युवा.अध्यक्ष कमल शर्मा,महिला मंडल अध्यक्ष स्मिता शर्मा एवं मंत्री अम्बिका दाधीच सहित कई समाज बंधुओं उपस्थित रहे।
मां दधिमति के अभिषेक से शोभायात्रा तक
नागेश दाधीच एवं नरेन्द्र मोहन दाधीच ने बताया कि महर्षि दधीचि जयंती समारोह की शुरुआत मां दधिमति के अभिषेक एवं महर्षि दधीचि के पूजन से हुई। विप्र विद्वानों ने विधिवत पूजन एवं हवन कराया। इसके बाद छात्रावास से शोभायात्रा निकाली गई, जो आकाशवाणी मुख्य मार्ग, नाग-नागिन मंदिर होते हुए पुनः छात्रावास पहुंची।
शोभायात्रा में दो श्वेत अश्वों के पीछे मां दधिमति की पालकी और महर्षि दधीचि की झांकी शामिल रही। ऊंट एवं घोड़ागाड़ी भी आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाएं लाल चुनरी तथा पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा में शामिल हुए। मार्ग में महिलाएं नृत्य करती हुईं आगे बढ़ीं, जबकि समाजबंधु जयकारों के साथ चल रहे थे।
शोभायात्रा में अंगदान-देहदान का संदेश
शोभायात्रा में समाज की ओर से अंगदान, देहदान, समाज एवं संस्कृति संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए गए। बैनर और तख्तियों के माध्यम से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई। साथ ही अंधविश्वास छोड़ने, वृक्ष बचाने, बेटियों को समान अवसर देने और जल एवं पृथ्वी संरक्षण के संदेश भी दिए गए।
200 से अधिक मरीजों को मिला चिकित्सा परामर्श
महर्षि दधीचि जयंती समारोह के तहत छात्रावास परिसर में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर संयोजक डॉ. एलएन शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रामपाल, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. पत्ता सिंह सोलंकी, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. ऐश्वर्य शर्मा, पंचकर्म एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुक्ति शर्मा, वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. मुकेश दाधीच, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नेहा मारू एवं डॉ. भवेश जिंदल ने सेवाएं दीं। शिविर में 200 से अधिक मरीजों को परामर्श दिया गया।
63 वकील, 47 डॉक्टर और 31 भामाशाह सम्मानित
युवा अध्यक्ष कमल शर्मा ने बताया कि समाज की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए 63 वकीलों, 47 डॉक्टरों और 31 भामाशाहों को सम्मानित किया गया। इसी वर्ष कन्या को जन्म देने वाली 19 कन्याधात्री महिलाओं को श्रीफल, माला एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा चुनरी ओढ़ाई गई। समाज की खेल एवं शैक्षणिक प्रतिभाओं के साथ दो दिनों में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।