तेरहवीं संस्कार में नम आंखों से अरुण को दी अंतिम श्रद्धांजलि! ब्रह्मभोज में उमड़े नाते-रिश्तेदार

वाराणसी।स्मार्ट हलचल|भेलूपुर थाना क्षेत्र के काश्यमीरीगंज निवासी व्यवसायी सुरेश कुमार गुप्ता के छोटे पुत्र अरुण कुमार गुप्ता (27) के असामयिक निधन के बाद शनिवार को तेरहवीं संस्कार एवं ब्रह्मभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। सात सितंबर को हृदय गति रुकने से अरुण कुमार गुप्ता का निधन हो गया था। उनका अंतिम दाह-संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया था। शनिवार को तेरहवीं संस्कार के अवसर पर परिवार, पट्टीदार, नाते-रिश्तेदार और पड़ोसियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने दिवंगत अरुण कुमार गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ तेरहवीं संस्कार की रस्में पूरी की गईं। इसके बाद आयोजित ब्रह्मभोज में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दिवंगत के पिता सुरेश कुमार गुप्ता और बड़े भाई अनिल कुमार गुप्ता ने उपस्थित ब्राह्मणों को श्रद्धापूर्वक दान-दक्षिणा देकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान परिवार के लोगों की आंखें नम रहीं और अरुण की यादों को लेकर माहौल भावुक बना रहा। कम उम्र में अरुण के निधन से परिवार और परिचितों में गहरा शोक है। तेरहवीं संस्कार में अरुण के ननिहाल पक्ष से बड़े मामा पत्रकार शीतल निर्भीक, कालिका प्रसाद गुप्ता, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, भुवाल प्रसाद गुप्ता, अरविंद कुमार गुप्ता, अर्जुन प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नाते-रिश्तेदार मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत अरुण कुमार गुप्ता के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवार को ढांढस बंधाया। उपस्थित लोगों ने कहा कि अरुण की स्मृतियां हमेशा परिवार और शुभचिंतकों के बीच जीवंत रहेंगी। परिजनों ने भी कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों के प्रति आभार जताया। तेरहवीं संस्कार एवं ब्रह्मभोज का कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।