* अलीगढ़ में गणेश महोत्सव के तहत श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन-भजनों पर झूमे श्रद्धालु
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|अलीगढ़ तहसील मुख्यालय कस्बा में बालाकिला चौराहा स्थित प्राचीन गणेश जी मंदिर परिसर में गणेश चतुर्थी से शुरू हुए दस दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। भगवान गणेश की भव्य झांकी सजाई गई है, जिसके दर्शनों के लिए सुबह-शाम श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रतिदिन गणेश जी के भजनों के साथ शाम को महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।
गणेश महोत्सव के तहत शुक्रवार रात श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस अवसर पर श्याम बाबा की आकर्षक झांकी सजाई गई। सवाई माधोपुर से आई भजन गायिका रानू सैन ने “कीर्तन की है रात बाबा, आज थाने आणो छ”, “ओ बाबा इतनी कृपा रख”, “तू बुलाता रहे, मैं खाटू आता रहूं” तथा “सुण र सांवरिया मड़पिया वाला, काली गाड़ी लाणी रे” सहित विभिन्न धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर महिला-पुरुष एवं युवा श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते नजर आए। वहीं बूंदी के गायक कलाकार अभिषेक गोस्वामी ने “भोला थारी जाण तो छड़ी कांकर में”, “गाड़ी-गाड़िया व होटला पर नाम लिख्यों सांवरिया को” सहित अनेक धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की प्रस्तुतियों के दौरान पांडाल में मौजूद श्रद्धालु झूम उठे और माहौल भक्तिमय हो गया। भजन संध्या से पूर्व गणेश महोत्सव समिति एवं श्री श्याम सेवा समिति रामपुरा की ओर से भजन गायिका रानू सैन एवं गायक कलाकार अभिषेक गोस्वामी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर गणेश महोत्सव समिति सदस्य भास्कर चतुर्वेदी, कन्हैया लक्षकार, योगेश चावला, सुमित जायसवाल, पवन सैन, हेमन्त नामा, रानू शर्मा, राघवेन्द्र गौतम, बृजमोहन कुमावत एवं हनुमान चौधरी सहित श्री श्याम सेवा समिति रामपुरा के अध्यक्ष दीपक टंकारिया, महावीर सुमन, बलराम शर्मा, मनीष सैनी, आशू सोनी, नैतिक शर्मा, चंचल खंगार, हनुमान जाट, कपिल सैन, अक्षय सैन एवं अमित जोशी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।