15 साल बाद गंगापुर सिटी नगर परिषद में तख्ता पलट, कांग्रेस का बोर्ड

कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ बने नए सभापति, भाजपा के विजय गुप्ता को हराया; कांग्रेस को मिले 37 वोट

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल, मदन मोहन गर्ग। नगर परिषद गंगापुर सिटी की राजनीति में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ ने भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार गुप्ता को हराकर सभापति पद पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही नगर परिषद में करीब 15 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड बनने का रास्ता साफ हो गया। चुनाव से पहले 60 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस के 27, भाजपा के 17 और निर्दलीय 16 पार्षद निर्वाचित हुए थे।

सभापति चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ के पक्ष में 37 पार्षदों ने मतदान किया, जिससे उन्होंने बहुमत हासिल कर सभापति पद अपने नाम किया। भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार गुप्ता को पराजय का सामना करना पड़ा। सभापति पद के लिए मुख्य मुकाबला कांग्रेस के वार्ड 30 पार्षद कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ और भाजपा के वार्ड 57 पार्षद विजय कुमार गुप्ता के बीच था।

नगर परिषद के 60 वार्डों में कांग्रेस 27 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी, जबकि भाजपा को 17 और निर्दलीय प्रत्याशियों को 16 सीटें मिली थीं। बहुमत के लिए 31 पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता थी। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

कृष्ण कुमार गोयल ‘कुबेर’ के सभापति निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं कांग्रेस की इस सफलता को गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा की चुनावी रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सभापति चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में 37 वोट पड़ना इस राजनीतिक समीकरण में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस परिणाम के साथ गंगापुर सिटी नगर परिषद में सत्ता का राजनीतिक समीकरण बदल गया है और कांग्रेस ने बोर्ड बनाने की स्थिति हासिल कर ली है।ली है।