गणेश महोत्सव में धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को किया आकर्षित

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। पुरानी अनाज मंडी में श्री गणेश महोत्सव सेवा समिति, गंगापुर सिटी के तत्वावधान में चल रहे 12 दिवसीय विशाल गणेश महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। महोत्सव के दौरान भगवान जगन्नाथ के विभिन्न स्वरूप, मां दुर्गा के नौ रूप, भक्त प्रहलाद और हिरण्यकश्यप के वध का प्रसंग तथा भोले की बारात की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकियों के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

महोत्सव में स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की। शाम होते ही पुरानी अनाज मंडी में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई और पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का सम्मान किया गया। समिति की ओर से पत्रकारों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही दानदाताओं एवं भामाशाहों का भी सम्मान किया गया।

14 सितंबर से शुरू हुए गणेश महोत्सव को लेकर शहर और आसपास के गांवों में उत्साह बना हुआ है। समिति अध्यक्ष तनिष्क चौधरी ने बताया कि 12 दिवसीय महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का मंच संचालन अजय भारद्वाज और जानवी ने किया।

आयोजन समिति की टीम

महोत्सव के सफल आयोजन में संरक्षक अशोक चौधरी, अध्यक्ष तनिष्क चौधरी, सचिव राहुल शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंह, संयोजक युधिष्ठिर राज सिंह, उपाध्यक्ष राकेश गेहूंआ, सह-संयोजक विश्वजीत सिंह, सह-कोषाध्यक्ष सैनुज चौधरी एवं सानिध्य अग्रवाल सहित समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।