भजनों की गूंज के बीच तेजाजी महाराज को चढ़ाया ध्वज
श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार ने निकाली ध्वज यात्रा, जिले की खुशहाली व समृद्धि की मांगी मन्नत
अनिल कुमार खींची
स्मार्ट हलचल ब्यावर। भादव सुदी दशमी के अवसर पर श्रीमद्भागवत प्रभात फेरी परिवार की ओर से तेजाजी महाराज के मेले में श्रद्धापूर्वक ध्वज चढ़ाया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने ब्यावर जिले की खुशहाली, प्रगति, समृद्धि एवं जिलेवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।ध्वज यात्रा रघुनाथ जी के बड़े मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना हुई। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए तेजाजी महाराज के थान पहुंची। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और तेजाजी महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। नाचते-गाते श्रद्धालुओं के कारण पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।तेजाजी महाराज के थान पर पहुंचने के बाद विधि-विधान से ध्वज चढ़ाया गया। परिवार की ओर से चूरमा एवं नारियल का प्रसाद भी अर्पित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य, श्रद्धालु एवं शहरवासी शामिल हुए।
इस अवसर पर तेजाजी थान के पुजारी ने प्रभात फेरी परिवार के सदस्यों एवं संयोजक संजय घीया का माला पहनाकर स्वागत किया। परिवार के सदस्यों ने तेजाजी महाराज से ब्यावर सहित समस्त जिलेवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।