पोटलां में तेजा दशमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब: 421 लीटर दूध की खीर का बना महाप्रसाद, गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

पोटलां। स्मार्ट हलचल|कस्बे में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का निर्वाण दिवस (तेजा दशमी) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, भक्तिभाव और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा गांव तेजाजी महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा और दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। आयोजन कमेटी की ओर से तेजा दशमी के विशेष अवसर पर 421 लीटर दूध की विशाल खीर बनाई गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के लिए फल-फ्रूट एवं खीर का प्रसाद वितरण किया गया, जिसे पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। सायंकाल 5 बजे कपासन रोड स्थित तेजाजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शोभायात्रा कपासन रोड से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरी।
कपासन रोड स्थित तेजाजी मंदिर,सहकारी डेरी, पुराना अस्पताल,दूरभाष केन्द्र, रावला चौक,बाजार मंशापूर्ण बालाजी मंदिर,राजस्थान ग्रामीण बैंक,बस स्टैंड, आईसीआईसीआई बैंक, सत्यनारायण भगवान मंदिर, खटिक मौहल्ला,जीनगर चौक,सदर बाजार,रावला चौक होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा के पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचने पर महाआरती उतारी गई। इसके पश्चात आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थित रूप से पंगत की व्यवस्था की गई, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ पंक्तिबद्ध (पंगत) बैठकर खीर का महाप्रसाद ग्रहण किया।
दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय आयोजन कमेटी और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान हजारों भक्तों ने प्रसाद व दर्शन लाभ लिया एवं
सभी जीवों के लिए मंगलकामनाएं की।