हिंडौन नगर परिषद में उपसभापति पद पर विक्रम सिंह तोमर निर्विरोध निर्वाचित

भाजपा खेमे में खुशी की लहर, निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों ने जताई खुशी

अजीम खान चिनायटा

हिंडौन सिटी। स्मार्ट हलचल|नगर परिषद हिंडौन सिटी में उपसभापति पद को लेकर चल रही सियासी हलचल पर मंगलवार को विराम लग गया। भाजपा के विक्रम सिंह तोमर निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हुए। उपसभापति पद के लिए उनके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।विक्रम सिंह तोमर के निर्विरोध चुने जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी जताई।नगर परिषद में सभापति पद पर भी भाजपा की विजय कुमारी निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। ऐसे में अब सभापति और उपसभापति—दोनों प्रमुख पदों पर भाजपा का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो नगर परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन स्थानीय निकाय की आगामी कार्यप्रणाली के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब शहर में विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर परिषद के सामने प्राथमिकताएं तय करने की चुनौती होगी।