राजूलाल कहार को मिले 14 मत, 7 वोट के अंतर से जीत; निर्वाचन अधिकारी ने की निर्वाचित घोषित
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा नगर पालिका में अध्यक्ष के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर भी चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में मोहम्मद इशाक ने 21 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राजूलाल कहार को 14 मत मिले। इस तरह इशाक ने 7 वोट के अंतर से जीत हासिल की।
नगर पालिका आम चुनाव के तहत मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। मतदान के बाद मतगणना में मोहम्मद इशाक के पक्ष में 21 मत आए, जबकि राजूलाल कहार को 14 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही इशाक समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया।
रिटर्निंग अधिकारी बनवारी लाल सिनसिनवार ने मोहम्मद इशाक को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद समर्थकों ने इशाक का स्वागत किया और जीत की खुशी जताई।
अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के रमेश सेन के निर्वाचित होने के बाद अब उपाध्यक्ष पद पर मोहम्मद इशाक की जीत से नगर पालिका में बोर्ड की राजनीतिक तस्वीर भी स्पष्ट हो गई है। अध्यक्ष चुनाव में रमेश सेन ने 18 मत लेकर निर्दलीय बालमुकुंद तोषनीवाल को एक वोट से हराया था। अब उपाध्यक्ष चुनाव में इशाक को 21 मत मिलने से दोनों चुनावों के मतदान समीकरणों को लेकर शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इशाक की जीत के बाद समर्थकों ने कहा कि पालिका में अब शहर के विकास को प्राथमिकता देने की उम्मीद है। अध्यक्ष रमेश सेन पहले ही जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विकास कार्यों को गति देने की बात कह चुके हैं।