राजगढ़ नगरपालिका में उपाध्यक्ष का चुनाव: अफरोज बानो निर्वाचित
22 मत लेकर भाजपा की अफरोज बानो ने हासिल की जीत, कांग्रेस की अनीता सोनी को मिले 17 मत
सादुलपुर , ( बजरंग आचार्य )
स्मार्ट हलचल।राजगढ़ नगरपालिका में आज मंगलवार उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में भाजपा की श्रीमती अफरोज बानो ने 22 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि श्रीमती अनीता सोनी को 17 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र बिजारणिया ने भी नामांकन दाखिल किया था, लेकिन मतदान के दौरान उनके उपस्थित नहीं रहने के कारण उन्हें एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ।
राजगढ़ नगरपालिका में कुल 40 पार्षद हैं। इनमें से 39 पार्षदों ने मतदान किया, जबकि एक पार्षद ने मतदान नहीं किया। मतगणना के बाद अफरोज बानो को 22 मत मिलने के साथ उन्हें उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
जीत के बाद बधाई देने पहुंचे पार्षद
अफरोज बानो के उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद नगरपालिका परिसर में समर्थकों और पार्षदों की ओर से बधाई का दौर देखने को मिला। नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पूनिया सहित अन्य पार्षदों ने अफरोज बानो को बधाई दी और उनका स्वागत किया।
इस दौरान फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं तथा खुशी के माहौल में फूलों से होली खेलकर जीत का जश्न मनाया गया। समर्थकों और उपस्थित लोगों ने अफरोज बानो को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण (आरपीएस), सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल (आईपीएस), और राजगढ़ थाना अधिकारी राजेश सिहाग अपनी पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे।