मंडावर नगरपालिका में सियासी मंथन का नतीजा! चेयरमैन के बाद उपचेयरमैन की कुर्सी भी कांग्रेस के नाम

मंडावर नगरपालिका में सियासी मंथन का नतीजा!

चेयरमैन के बाद उपचेयरमैन की कुर्सी भी कांग्रेस के नाम

 

भूपेश गोयल ने 14 वोट लेकर अशोक नारेड़ा को 4 वोट से पछाड़ा, भाजपा के 10 वोट रह गए पीछे

 

स्मार्ट हलचल/नीरज मीणा

 

मंडावर। स्मार्ट हलचल।मंडावर नगरपालिका की चुनावी बिसात पर आखिरकार तस्वीर साफ हो गई। चेयरमैन की कुर्सी के बाद अब उपचेयरमैन की कुर्सी पर भी कांग्रेस ने अपना कब्जा जमा लिया। वार्ड नंबर 7 से कांग्रेस पार्षद भूपेश गोयल ने 14 मत हासिल कर भाजपा के अशोक नारेड़ा को 4 मतों के अंतर से शिकस्त दी। नारेड़ा को 10 मत मिले।

कुर्सी का खेल खत्म, अब काम की बारी!

चुनाव के दौरान किसके साथ कौन खड़ा है, किसकी गणित किस तरफ जा रही है और किसकी रणनीति कितनी कामयाब होगी—इन तमाम चर्चाओं पर अब नतीजों ने विराम लगा दिया है। 14 बनाम 10 के आंकड़े ने उपचेयरमैन की कुर्सी का फैसला सुना दिया।

मंडावर नगरपालिका में चेयरमैन अनीता देवी और उपचेयरमैन भूपेश गोयल, दोनों पद कांग्रेस के खाते में पहुंचने के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है।

अब असली परीक्षा चुनाव की नहीं, शहर की होगी!

चुनाव में कुर्सियां जीतना एक पड़ाव है, लेकिन जनता की नजर अब उस काम पर होगी जिसके लिए नगरपालिका चुनी गई है। सड़कें, नालियां, सफाई, रोशनी, पानी और शहर की मूलभूत समस्याएं अब नई नगरपालिका बोर्ड के सामने खड़ी हैं।

जनता ने जनप्रतिनिधि चुन दिए हैं, कुर्सियां भी तय हो गईं—अब देखना यह है कि नगरपालिका में जीत का जश्न कितने दिन चलता है और विकास की रफ्तार कब दौड़ती है।

14 वोट की जीत ने तय कर दिया समीकरण

चेयरमैन कांग्रेस का | उपचेयरमैन कांग्रेस का | अब नजर विकास के एजेंडे पर