साक्षी ने कुश्ती तो मानसी ने वुशु में जीता स्वर्ण पदक, समाज के नागरिकों ने किया स्वागत
अनिल कुमार खींची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।70वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में गुरूदीप अकेडमी की दो प्रतिभावान छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर ब्यावर का नाम रोशन किया। साक्षी सामरिया ने कुश्ती तथा मानसी सामरिया ने वुशु प्रतियोगिता में अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है।
70वीं जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता अंडर-17/19 के 57 किलोग्राम भार वर्ग में कुमारी साक्षी सामरिया पुत्री श्री नरेन्द्र कुमार सामरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में साक्षी ने सारोठ की छात्रा को पराजित किया। साक्षी अब भरतपुर जिले की डीग तहसील में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में ब्यावर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इसी प्रकार 70वीं जिला स्तरीय वुशु प्रतियोगिता अंडर-17/19 में कुमारी मानसी सामरिया पुत्री श्री नरेन्द्र कुमार सामरिया ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मानसी ने सेन्दड़ा की छात्रा को पराजित किया। मानसी का चयन श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
दोनों बेटियों की इस शानदार उपलब्धि पर समाज के नागरिकों ने उनका स्वागत कर अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपलब्धि पर दादा सीताराम सामरिया एवं पिता नरेन्द्र कुमार सामरिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए बेटियों की सफलता पर खुशी जताई। गुरूदीप अकेडमी के शिक्षकों, प्रशिक्षकों, परिजनों एवं खेलप्रेमियों ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।