ढोल-बैंड की थाप पर झूमे भक्त, जयकारों से गूंजा शहर

ढोल-बैंड की थाप पर झूमे भक्त, जयकारों से गूंजा शहर

 

जलझूलनी एकादशी पर ठाकुरजी का भव्य बेवान नगर भ्रमण, जगह-जगह आरती और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

 

भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी)

स्मार्ट हलचल।जलझूलनी एकादशी पर मंगलवार को संतोष कॉलोनी स्थित श्री चारभुजानाथ मृत्युंजय महादेव हठीले हनुमान मंदिर से ठाकुरजी का भव्य बेवान नगर भ्रमण निकला। दोपहर 3.15 बजे मंदिर से निकली शोभायात्रा में ढोल-बैंड और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। चारभुजानाथ के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो उठा।

मीडिया प्रभारी मनोज व्यास ने बताया कि ठाकुरजी का बेवान विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर भ्रमण पर निकला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।

समिति अध्यक्ष गोविंद पारीक ने बताया कि मार्ग में जगह-जगह धर्मप्रेमियों ने ठाकुरजी की आरती उतारी और भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। कई स्थानों पर भक्तों की ओर से खीर, शरबत, फल और मिठाई का प्रसाद वितरित किया गया।

सचिव एडवोकेट तेजेन्द्र सिंह शक्तावत ने बताया कि नगर भ्रमण के बाद सायंकाल आरती के समय ठाकुरजी पुनः निज मंदिर पधारे। मंदिर में आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और दर्शन-पूजन के बाद प्रसाद वितरित किया गया।

जलझूलनी एकादशी को लेकर मंदिर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। आयोजन में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।