अनिल कुमार खींची
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह
ब्यावर।स्मार्ट हलचल | 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला आयुष कार्यालय, ब्यावर की ओर से अजमेर रोड स्थित श्री परशुराम भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक निदेशक जिला आयुष कार्यालय ब्यावर डॉ. सीपी सेन ने की। मुख्य अतिथि आयुर्वेद विभाग संभाग अजमेर के पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. रमाशंकर पचौरी एवं जिला नोडल अधिकारी होम्योपैथिक विभाग डॉ. वीरेन्द्र पाल सिंह रावत रहे।समारोह में आयुष सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान, सराहनीय कार्य एवं ईमानदारी से सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। योगाचार्य एवं पतंजलि योग महिला समिति की जिला अध्यक्ष जसमीत कौर सलूजा एवं रविन्द्र सिंह चौहान को पंचकर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य तथा चंदन सिंह चौहान को योग के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सहायक निदेशक डॉ. सेन ने कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। उन्होंने बताया कि ब्यावर जिले में आयुष विभाग ने पिछले एक वर्ष में एक लाख से अधिक रोगियों को लाभान्वित किया है। उन्होंने आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें मौसमी बीमारियों से बचाव और आयुर्वेदिक दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्मिकों ने आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार एवं रोगी सेवा की शपथ ली।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष सोनी ने किया। समारोह में जवाजा ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. प्रीति गुप्ता, बदनौर से डॉ. सुरेश जलुथरिया, रायपुर से सुशील कुमार सहित जिले के आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्साधिकारी, कम्पाउंडर, नर्सिंग स्टाफ एवं कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।