सुबह शौच के लिए खेत गई 19 वर्षीय युवती लापता

परिजनों ने रिश्तेदारियों और संभावित स्थानों पर तलाशा, नहीं मिला सुराग; पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी युवती का सुराग नहीं मिलने पर पिता ने पुलिस को तहरीर देकर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पिता के अनुसार, 19 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे उनकी पुत्री शौच के लिए खेत की ओर गई थी। काफी देर बाद भी घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों के अलावा संभावित रिश्तेदारियों में भी पता किया गया, लेकिन युवती का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों की चिंता बढ़ने पर पिता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की।
कार्यवाहक थाना प्रभारी श्याम सुंदर गिरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।