निविदा प्रक्रिया को लेकर संवेदकों और पंचायत प्रशासन के बीच हुई तीखी नोकझोंक, वार्ड पंचों की मौजूदगी में लिया गया निर्णय
किशन खटीक//
स्मार्ट हलचल|रायपुर 24 सितम्बर ग्राम पंचायत रायपुर में आयोजित होने वाले विशाल बाबा रामदेव मेले के तहत प्रस्तावित भजन संध्या एवं कवि सम्मेलन की निविदा को निरस्त कर दिया गया। निविदा प्रक्रिया को लेकर गुरुवार सुबह ग्राम पंचायत परिसर में संवेदकों और पंचायत प्रशासन के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। संवेदकों का आरोप था कि पूर्व में राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित निविदा सूचना में कार्यक्रम में शामिल होने वाले कलाकारों के नामों का उल्लेख नहीं किया गया था। बाद में निविदा फॉर्म में कलाकारों के नाम सामने आने को लेकर संवेदकों ने प्रक्रिया पर सवाल उठाए और आपत्ति दर्ज कराई। मामले को लेकर ग्राम विकास अधिकारी राम लाल माली ने अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि निविदा प्रक्रिया में कलाकारों के नाम शामिल किए जाने के संबंध में प्रशासक इंजीनियर रामेश्वर लाल छीपा की ओर से कार्रवाई की गई थी। वहीं, मामले को लेकर पंचायत प्रशासन और संवेदकों के बीच काफी देर तक चर्चा और बहस होती रही। विवाद की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत रायपुर के वार्ड पंच भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में भजन संध्या एवं कवि सम्मेलन की वर्तमान निविदा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।ग्राम विकास अधिकारी राम लाल माली ने मौके पर मौजूद सभी संवेदकों को बताया कि जल्द ही नई निविदा जारी की जाएगी तथा उसके बाद कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारित कर भजन संध्या एवं कवि सम्मेलन के आयोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। निविदा निरस्त होने के बाद अब नई निविदा प्रक्रिया और उसमें कलाकारों एवं कार्यक्रम से संबंधित विवरण किस प्रकार शामिल किए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।